अध्याय 1 श्लोक 13 ततः शंखाश्च भेर्यश्च पणवानकगोमुखाः
ततः शंखाश्च भेर्यश्च पणवानकगोमुखाः ।
सहसैवाभ्यहन्यन्त स शब्दस्तुमुलोऽभवत् ॥13
भावार्थ : इसके पश्चात शंख और नगाड़े तथा ढोल, मृदंग और नरसिंघे आदि बाजे एक साथ ही बज उठे। उनका वह शब्द बड़ा भयंकर हुआ॥13॥
हम जब एक निर्णय कर लेते हैं तब हमारे भीतर अचेतन मन में बहुत से संस्कार, इच्छाए, संकल्प, वासनाएँ और शरीर की आदतें - ऐसे निष्क्रिय बल (पेसिव फोर्स) पड़े हुए हैं जिनकी हमें खबर नहीं है। हम एक बात पक्की कर लेते हैं और थोड़े दिन बाद कब इसे भूल जाते हैं, या छोड़ देते हैं इसका हमें पता भी नहीं चलता। इसका कारण है कि हमारे भीतर आंतरिक तालमेल नहीं है, हमें स्वयं का भान नहीं रहता। कौरवों की सेना की व्यवस्था तो कर दी गई है परंतु इस व्यवस्था के पीछे भीतर भाव की एकसूत्रता और तालमेल नहीं है। भीष्म एक तरफ मुंह फेर लेते हैं, द्रोण दूसरी तरफ मुंह कर लेते हैं और कर्ण तीसरी तरफ मुंह कर लेता है और दुर्योधन चौथी तरफ कर लेता है। इस तरह के अनेक प्रकार के विरोध भीतर पड़े हुए हैं फिर भी सेना को लड़ना तो है ही।
भीष्म ने जैसे ही शंखनाद किया तो अन्य योद्धा भी अपना अपना वाद्य यंत्र बजाने लगे। कोई ढ़ोल, कोई नगाड़े, कोई मृदंग, कोई रणभेरी, सभी अपनी अपनी तरह से युद्ध के लिए तैयार हो गए। हमारे भीतर क्या हमने ऐसा निरीक्षण किया है? अर्थात जब भीतर का अहंकार एक बार प्रकट होता है तो हमारी देह, हमारी बुद्धि , मन चित्त, भावदशा सभी अपने अपने तरीके से बर्ताव करते हैं, अंदर कोई नियंत्रण करने वाला नहीं है। मनुष्य जब कामवासना से घिर जाता है तब उसे खयाल नहीं रहता कि वो क्या बोल रहा है, क्या कर रहा है। क्रोध से घिर जाता है या मद से घिर जाता है तब उसे भान नहीं रहता। तब मन अपने तरीके से बोलता है, बुद्धि अपनी तरीके से करती है, अहंकार अपने तरीके से काम करता है और अन्तःकरण का प्रत्येक करण स्वतंत्र तरीके से काम करता है। यही नहीं हमारी इंद्रियाँ भी - आँख, कान, नाक , जीभ अपने अपने तरीके से काम करते हैं। पाँच ज्ञानेन्द्रिय, पाँच कर्मेन्द्रियां और अंतःकरण सभी चौदह साधन अपने अपने तरीके से बजने लगते हैं। ये नकारात्मक भावों की सेना है अर्थात कौरवों की सेना। गुरजिएफ इन्हे टावर ऑफ बेबल अर्थात ज़बानों की भ्रांति कहता है।
और ये सब अपनी ही देह में नहीं बल्कि सामने वाले की देह के भीतर भी चलता रहता है। कुटुंब की समस्या जब खड़ी होती है तो सब समाधान के लिए इकट्ठे होते हैं। परंतु जो भी रास्ता ये सब निकालते हैं उसमें भीतर शांति नहीं मिलती अर्थात ये नकली समाधान होता है। मन दुखी होता है और सब लोग वापस बिखर जाते हैं। नकली शांति रखते हैं , कि चलो साथ बैठ कर खा लेते हैं, चाय पानी पी लेते हैं, परंतु भीतर समाधान नहीं होता। घर पहुँच जाते हैं तो भीतर एक वार्तालाप चलता है कि ऐसा नहीं वैसा होना चाहिए, परंतु क्या करें, लाचारी है, मजबूरी है। इस तरह भीतर स्वयं को सही मान कर स्वयं को शांत रखते हैं। जबकि वास्तविक शांति और समाधान दूसरे तरीके से मिलता है।
ततः शंखाश्च भेर्यश्च पणवानकगोमुखाः ।सहसैवाभ्यहन्यन्त स शब्दस्तुमुलोऽभवत् ॥13
और यह नाद एकदम भयानक हो गया, और इसमें से कुछ आवाज सुनाई नहीं देती कि क्या करना है और सभी लड़ने के लिए तत्पर हो गए। क्योंकि भीतर तालमेल नहीं है और कोई नियंत्रित करने वाला तत्व भी नहीं है।

Comments
Post a Comment