अध्याय 1 श्लोक 12 तस्य सञ्जनयन्हर्षं कुरुवृद्धः पितामहः
तस्य सञ्जनयन्हर्षं कुरुवृद्धः पितामहः ।
सिंहनादं विनद्योच्चैः शंख दध्मो प्रतापवान् ॥1-12
भावार्थ : कौरवों में वृद्ध बड़े प्रतापी पितामह भीष्म ने उस दुर्योधन के हृदय में हर्ष उत्पन्न करते हुए उच्च स्वर से सिंह की दहाड़ के समान गरजकर शंख बजाया॥1-12॥
जीवन की गति न्यारी है, रोज सुबह कोई ना कोई समस्या आती है। और इस समस्या को हल करने में समय चला जाता है। कभी समस्या सुलझ जाती है और कभी समस्या के साथ संघर्ष करना पड़ता है। कई बार ऐसा होता है कि समस्या सुलझने के बजाय और उलझ जाती है। और धीरे धीरे अपना मन, बुद्धि, चित्त और अहंकार - जिन्हें हम अपना सूक्ष्म शरीर अथवा अन्तःकरण कहते हैं, ये सब डांवाडोल होकर बिखर जाते है। इस तरह की समस्या को किस तरह से हल किया जाये ये इन श्लोकों और सूत्रों में समझाया गया है।
भीष्म एक शुद्ध अहम का प्रतीक हैं। सचेतन प्रयास और स्वैच्छिक तप से शुद्ध किया हुआ अहम। महाभारत में भीष्म ने शुरुआत से जितना सहन किया है इसकी बहुत रोचक कथा है। हमारे भीतर का अहम प्रयत्न से भी भागता है और तप से भी भागता है। सचेत प्रयत्न - सतत पुरुषार्थ और स्वैच्छिक तप - जो कोई भी हमारे सामने आता है उसको सहन करने की शक्ति। इस स्वैच्छिक तप से जीव अर्थात आत्म तत्व का विकास होता है।भीष्म हैं कुरु दूत - और कौरव अर्थात सपूर्ण नकारात्मक ऊर्जा यानि अहम की समस्त संतान। ये सभी विभाव अर्थात नकारात्मक भावनाए (नेगेटिव इमोशन) है और हम हमारे भीतर के धृतराष्ट्र, दुर्योधन दुशासन के साथ तादात्म्य कर बैठे हैं।
फिर भी हमारे भीतर एक भीष्म जैसे तत्व का निर्माण करना चाहिए - काम ऊर्जा का रूपान्तरण संकल्प शक्ति में करना है, यद्यपि ये संकल्प अधूरा है अर्थात कृष्ण की शरण में नहीं गया है। ये संकल्प शक्ति कृष्ण की महिमा को देख चुकी है। हमें भी भीतर ऐसे अनुभव होते हैं। बहुत लोग कहते हैं कि वो ओशो को मानते हैं, परंतु मानना एक बात है और शरण में जाना दूसरी बात है। और यदि शरण में भी जाता है तो किस तरह से? सम्पूर्ण रूप से शरणागति होती है? या फिर शरणागति आंशिक है अर्थात जब हम किसी दुख दर्द में होते हैं तब इनकी शरण में जाते हैं, और जब दुख दर्द चले जाते हैं तब हम अपने अहंकार मे, बुद्धि, स्मृति एवं कल्पना लोक में चले जाते हैं। हम आगे देखेंगे कि अर्जुन का शरण भाव किस तरह से पूर्ण होता है, तब गीता की पूर्णाहुति हो जाती है। अभी तो भीष्म प्रकट हुए हैं। और भीष्म प्रकट होने के बाद महाभारत के युद्ध की शुरुआत हुई।
सभी सेनाए व्यवस्थित हो गई हैं। परंतु कौरवों की सेना वैज्ञानिक तरीके से व्यवस्थित नहीं है। अर्थात उसे कंडीशंड मन और बुद्धि द्वारा व्यवस्थित किया गया है, अंतरात्मा की प्रेरणा अथवा अस्तित्व के प्राकृतिक नियोजन के हिसाब से नहीं किया गया है। इनके सामने पांडवों की सेना नियमानुसार व्यवस्थित की गयी है। क्योंकि वहाँ श्री कृष्ण की हाजिरी है। अतः पहली बात ये है कि सचेतन प्रयत्न और स्वैच्छिक तप द्वारा शुद्ध किया हुआ अहम हमारे भीतर होना चाहिए (भीष्म)। दूसरी बात - जब कोई भी समस्या या संघर्ष आए तो शंखनाद आवश्यक है। परंतु शंखनाद अर्थात क्या? ख अर्थात आकाश और श अर्थात जो शांत कर देता है। अंतराकाश या बाह्य आकाश - ये एक गहरा रहस्य है। वस्तुगत कला है। भीष्म ने शंखनाद किया परंतु हमें तो भीतर के अंतर आकाश की खबर ही नहीं है। शरीर के प्रति जागरूकता आए तो पता चले कि शरीर के भीतर आकाश कहाँ है। आज के युग में इसे गैप (खाली स्थान) कहते हैं। और गैप में से जो नाद उठता है उसे शंखनाद कहते हैं। परंतु क्या हम गैप की आवाज को सुन सकते हैं?
पहली बात तो ये है कि हमें गैप अर्थात खाली स्थान को पकड़ना ही नहीं आता। हमारा चित्त बहिर्मुखी है और दूसरा वस्तुलक्षी है। चित्त जब तक वस्तुलक्षी है - तो वस्तु का स्वभाव है कि वो हर समय परिवर्तनशील रहती है। आज जो मकान है, शरीर है वो शायद कल ना भी हो। आज जैसे संबंध हैं वैसे संबंध शायद कल ना भी हों। हर समय परिवर्तनशील वस्तुओं वाले जगत के भीतर एक अपरिवर्तनशील सत्ता है और वह है आकाश। सभी खेल आकाश अर्थात खाली जगह का है। सब खेल आकाश में है। कोई भी समस्या जब आती है तो वो आकाश से आती है और उसका निराकरण भी आकाश में ही होता है। आकाश के साथ अनुसंधान करने की कला क्या हमारे पास है? कोई भी समस्या ऐसी नहीं जो स्पेस या खाली जगह में जाने से हल ना हो। क्योंकि सभी खेल वहीं से शुरू हुआ है।
हमें तो एक दूसरे से सम्बन्धों के बीच समस्या होती है, आर्थिक समस्या होती है, कौटुंबिक परेशानी, सामाजिक परेशानी या शारीरिक समस्या होती है जो हमने स्पेस में से पैदा की हैं। परंतु हम इसका हल स्थूल अथवा सूक्ष्म वस्तु का आधार लेकर ढूंढते हैं। शायद इसका हल आकाश में अर्थात गैप या शंखनाद में पड़ा है। ये बात समझ में आनी चाहिए। जब कुटुंब में कोई क्लेश होता है तो हम बुद्धि के आधार पर उसका हल खोजते हैं। और विचार या बुद्धि के आधार पर ढूंढा हुआ हल (सही नहीं हो सकता है)। श्री कृष्णमूर्ति कहते हैं कि उलझा हुआ मन सही निर्णय नहीं ले सकता। मन उलझा हो, बुद्धि डांवाडोल हो और हम जल्दी पक्का कर लेना चाहते हैं कि क्या करना है। और इस प्रकार किए गए निश्चय पर हम पीछे से पश्चाताप करते हैं कि ऐसा नहीं करना चाहिए था।
परंतु ऐसी परेशानी के समय यदि हम स्पेस अर्थात खाली जगह पर जाएँ और जो निर्णय आए उसे बुद्धि स्वीकार करे ये कला हमें नहीं आती। योग शास्त्र में और तंत्र में विधि बताई गई है कि पहले तो वस्तु लक्षीय ध्यान को आकाश लक्षीय बनाओ। बाहर जो वस्तु दिखाई देती है उसके बीच में जो गैप या आकाश दिखाई देता है उसपर क्या हमारा ध्यान स्थिर रहता है। जब ये गैप पकड़ में आता है तो उसके बात श्वास का और विचारों का गैप पकड़ में आता है। फिर इंद्रिय के जगत के गैप पकड़ में आते हैं और इस प्रकार अनेक प्रकार के गैप पकड़ में आते है। परंतु जब तक गैप पकड़ में नहीं आता तब तक समस्या समस्या रहती है और जब गैप पकड़ में आता है तो समस्या चुनौती बन जाती है। समस्या से तो मन मुरझा जाता है और आत्म तत्व घबरा जाता है पर जब चुनौती आती है तो मन, बुद्धि, चित्त,अहंकार और आत्मतत्व, जीव का सत्व बलवान बनते हैं। अब देखते हैं कि इसमें से किस तरह रास्ता निकलता है और जीव का सत्व धीरे धीरे प्रकट होता है।
भीष्म को इस बात का अहसास है कि पांडव धर्म के पक्ष में हैं। परंतु वो स्वयं सामने के पक्ष में नहीं जा सकते हैं। बहुत से कारण है। कुरुकुल के प्रति मोह है और कर्तव्य है जो उन्होने स्वयं ही माना हुआ है। उनका यह स्वेच्छिक तप है और जब जब भी प्रसंग उठता है तब तब उन्हे पता चलता है कि धर्म कहाँ पर है - पर वो स्वयं धर्म को पहचान नहीं सकते। अधर्म हो रहा है इसका एहसास हो जाता है। जब द्रोपदी का चीर हरण होता है तब वह विलाप करते हुए पूछती है कि इसमें धर्म क्या है? युधिष्ठिर द्वारा जुए में दाव पर लगाना क्या धर्म के अनुसार है? भीष्म मौन हो जाते है क्योंकि उन्हे अधर्म तो दिखाई देता है परंतु धर्म क्या है (इसकी समझ नहीं आती)? इसी तरह से जब पांडवों ने जब अज्ञातवास के पूरा होने पर पाँच गावों की मांग की और दुर्योधन ने जब सुई की नोंक जितनी जगह देने के लिए भी इंकार कर दिया तब भी भीष्म को पता चलता है कि ये अधर्म है। परंतु यदि उस समय वो कौरवों का साथ छोड़ दे तो कुरुकुल के प्रति उनकी माँ को दी हुई प्रतिज्ञा भंग होती है। उन्हें पता है कि कौरव अधर्म के रास्ते पर हैं। इस धर्मसंकट की स्थिति से भीष्म गुजरते हैं। और इस तरह उनका स्वैच्छिक तप पैदा होता है। और भीष्म ने कुरुकुल की रक्षा के लिए अथक सचेतन प्रयत्न किया।
हम आमतौर पर ये चाहते हैं कि हमारे प्रयत्न के बिना ही हम पर कृपा बरस जाए। हमारे अन्तःकरण का तमोगुण हमें मिथ्या शरण भाव का आश्वासन देता है। हम कहते हैं कि सब कुछ हरी के ऊपर छोड़ दिया परंतु ये हम थक जाने पर कहते हैं, वास्तव में हरी को कुछ सौंपते नहीं। जो हरी को वास्तव में सौप देता है उसके अंदर का आत्म तत्व अलग प्रकार का होता है। उसे हरी दिखता है, उसकी कृति दिखाई देती है, उसकी प्रवृति दिखती है और ये खयाल रहता है कि उसके नियम के विरुद्ध पेड़ का पत्ता भी नहीं हिलता। परंतु हमें तो अहंकार का खेल दिखाई देता है और हम प्रमाद अवस्था में उसकी शरण में जाते हैं।
भीष्म ने प्राण शुद्धि के लिए प्रचंड पुरुषार्थ और स्वैच्छिक तप किया था। जब भीष्म की ऐसी स्थिति बन जाती है तो उसके बाद वो शंखनाद करते हैं। युद्ध के मैदान में - धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में शंखनाद करते हैं। सामान्य रूप से शंखनाद देव मंदिरों में होता है। परंतु ये युद्ध भूमि एक अर्थ में धर्म भूमि है। समस्या सांसारिक है परंतु जब समस्या को अहंकार और कंडीशंड माइंड हल करता है तब वह सांसारिक होती है। परंतु यदि कंडीशंड माइंड एक तरफ हट जाए, अहंकार हरी की शरण में चला जाए, और बुद्धि खाली आकाश से जो भी निर्णय आए उसे स्वीकार करने हेतु तैयार हो जाए तब समझो कि ये संसार की समस्या दरअसल समस्या नहीं बल्कि अस्तित्व की एक लीला है।
अस्तित्व में ऐसा होता रहता है। पृथ्वी का जन्म होता है और ये विलीन हो जाती है, गृह उत्पन्न होते हैं और विसर्जित हो जाते हैं, हमारी देह आती है और कुछ समय बाद चली जाती है। और इस देह में जो छोटी मोटी समस्या आई, थोड़ा ज्ञान, थोड़ा भान, थोड़ा पैसा, और कुछ समस्या आई। तो ये समस्या अस्तित्व की एक लीला है। और ये समस्या खाली आकाश से आई है और इसका उपाय भी खाली आकाश में है। अब हम धीरे धीरे गहराई में उतरेंगे।
तस्य सञ्जनयन्हर्षं कुरुवृद्धः पितामहः - तस्य सञ्जनयन्हर्षं अब दुर्योधन को यद्ध का आव्हान आया और उसने भीष्म को सेनापति बनाया। दुर्योधन के मन में हमेशा ये बात खटकती थी कि भीष्म पांडवों के पक्ष में हैं - जो सच था। परंतु भीष्म के पांडवों के पक्ष में होने से भी महत्वपूर्ण ये है कि भीष्म को धर्म की पहचान थी। उन्हे दिखाई देता है कि धर्म पांडवों के पक्ष में है। इसके बावजूद उन्हे कौरव पक्ष में लड़ना पड़ता है। हमारे भीतर भी ऐसी परिस्थिति कभी उपस्थित होती है। हमें भी दिखाई देता है कि धर्म और नीति सामने के पक्ष में है परंतु कुटुंब प्रेम, हमारे भीतर के राग द्वेष की स्थिति की वजह से हम हमारी अंतरात्मा को दबा कर निर्णय लेते हैं, क्या ऐसा अनुभव आपको हुआ है? जब ऐसा अनुभव हो तब समझें कि हमारे भीतर भीष्म का तत्व प्रकट हुआ है। परंतु उस समय करना क्या है? क्योंकि हमारी इतनी हिम्मत नहीं है। हमारे माने हुए आदर्श, संकल्प, प्रतिज्ञा - क्या इन सबको छोड़ दें? ये सब कायरता की निशानी है। और यदि संकल्प पूरा होता है तो हम अधर्म के रास्ते पर चले जाते हैं - ऐसी परिस्थिति होती है। ऐसे समय (आवश्यक है) शंखनाद। अर्थात हमें खाली आकाश , गैप में चले जाना चाहिए जहां से हमें समाधान मिलता है।
सञ्जनयन्हर्षं भीष्म ने दुर्योधन को खुश रखने के लिए युद्ध का आरंभ किया। ये युद्ध का नाद है परंतु शंखनाद है।
For further reading please refer https://rajenvakil.com/ ; https://3srb.org/
NOTE:
Bhagwan Brahmvedantji, the enlightened master has given the discourses on Geeta at Madhavpur Gujarat. These were all spoken in Gujarati language. Any attempt to translate the spoken words of an enlightened master are full of dangers of misinterpretation by the translator. Translator’s understanding and interpretations can change the meaning of certain words, phrases or paragraphs altogether. The reader is advised to keep these facts in mind while reading the Geeta text.

Comments
Post a Comment