अध्याय 1 श्लोक 2 दृष्टवा तु पाण्डवानीकं व्यूढं दुर्योधनस्तदा
संजय उवाच
दृष्टवा तु पाण्डवानीकं व्यूढं दुर्योधनस्तदा ।
आचार्यमुपसंगम्य राजा वचनमब्रवीत् ॥1-2।।
संजय बोले- उस समय राजा दुर्योधन ने व्यूहरचनायुक्त पाण्डवों की सेना को देखा और द्रोणाचार्य के पास जाकर यह वचन कहा॥2॥
अपना चित्त बाहर की दुनिया में और बाहर की दुनिया के विषयों से आघात पायी हुई वृत्तियों में इतना उलझा हुआ है कि अपने भीतर क्या क्या पड़ा हुआ है और वह किस तरह से संघर्ष करता है, यात्रा करता है इसका हमें खयाल नहीं आता। देह के पोषण के लिए और छोटी बड़ी इच्छाओं की पूर्ति हेतु चित्त बाहर जाता है । परंतु यदि चौबीसों घंटे चित्त बाहर भटकता फिरे तो उसकी यात्रा अटक जाएगी। ये महाभारत का युद्ध हमारे भीतर चित्त के संघर्षों की कथा है।
धीरे धीरे समझें। हमारे भीतर तरंगे उठती रहती हैं जिन्हें योग में वृत्ति कहते हैं। हमारी देशी भाषा में समझें तो बारंबार हमारा मन इधर उधर होता रहता है, विकल्प उठते रहते हैं। पेटभर खाने के बाद मन को शांत हो जाना चाहिए परंतु खाने के बाद भी मन इतना उछलता रहता है, इतनी वृत्तियाँ उठती हैं वो किस कारण? इसके पीछे प्रकृति का क्या आयोजन है, क्या प्रयोजन है, इसकी हमें कुछ खबर नहीं है। भीतर ध्यान जाए तो खयाल आए कि चित्त इतना अधिक भाग दौड़ किसलिए करता है। हमें इसकी आदत पड़ गई है और ये आदत हमारे भीतर प्राणी जगत में से आई है। प्राणी में अन्तःकरण नहीं होता इसलिए इसका ध्यान भीतर जाने की संभावना नहीं है।
मनुष्य देह धारण करने के बाद चित्त अंतर्मुख होता है। और जितना अधिक चित्त अंतर्मुख होता है उतनी पशु में से मानव बनने की यात्रा आगे बढ़ती है। और जब भीतर के चिदअंश का साक्षात्कार होता है तो वह मानव में से देव बनता है और देव से परमात्मा बनता है। ये उसकी यात्रा है। परंतु जब तक चित्त बाहर भटकता है तब तक मानव प्राणी है, पशु है। महाभारत की कथा मनुष्य में से देव और देव से परमात्मा बनने की कथा है।
हमारे भीतर अनेक प्रकार की वृत्तियाँ उठती हैं और इन वृत्तियों का समुदाय बन जाता है। इस समुदाय में से मनुष्य के लक्षण (फीचर) पैदा होते हैं। और फिर हमारे सभी लक्षण किसी एक मुख्य लक्षण के आस पास कार्य करते हैं जिसे मुख्य लक्षण या चीफ फीचर कहा जाता है। एक तरफ लक्षण पैदा होते हैं और दूसरी तरफ अविद्या या बेहोशी के कारण एक मिथ्या अहम अथवा अस्मिता पैदा होती है। और जिस लक्षण के साथ क्लेश बढ़ जाता है, अविद्या और अस्मिता, उसमें से एक अहम का निर्माण होता है। हमारे भीतर अनेक प्रकार के मैं या अहम का निर्माण होता है।
समझें कि मोटे तौर पर हमारे भीतर पाँच प्रकार के मैं (अहम) का निर्माण होता है। एक बौद्धिक केंद्र में, एक भावप्रदेश में, एक सहजज्ञान (इन्स्टिंक्ट), शारीरिक गतिविधि (मुविंग) केंद्र में और एक कामकेंद्र में। ये तो हुई बड़े बड़े अहम की बात। बाकी जितनी वृत्ती और वृती में से लक्षण और इनके साथ हमारा तादात्म्य और हमारा मैं भाव आ जाता है। भीतर एक शुभ विचार आया और हमको लगता है कि मैं नीतिवान हूँ। एक अशुभ विचार आता है और हमें लगता है कि मैं पापी हूँ। तो इन विचारों के साथ जो हमारा तादात्म्य हो जाता है और इस तादात्म्य की वजह से जो भीतर मैं का निर्माण होता है। इन अनेक प्रकार के मैं को महाभारत में सैन्य कहते हैं। और इन सैन्य कि संख्या अठारह अक्षोहिणी आँकी गई है।
ये एक गहरा विज्ञान है। अठारह अक्षोहिणी सेना के दो विभाग किए गए हैं। एक है कौरवों की तरफ अर्थात अधोगति की तरफ। दूसरी है उत्क्रांति की अर्थात पांडवों की तरफ। हम जहां हैं वहाँ यदि हमें दिव्य अंश का स्पर्श नहीं हुआ हो तो हमें भगवत गीता का मर्म पकड़ में नहीं आता। हमें इसका शब्दार्थ पकड़ में आता है परंतु मर्म पकड़ में नहीं आता। अभी हमारे भीतर बेहोशी तो अत्यधिक है, मैं और मेरे के सिवा भीतर कुछ भी नहीं। तो भीतर अभी धृतराष्ट्र का जन्म हुआ। अभी संजय नहीं है, अभी भान नहीं है।
दूसरी भूमिका के अंदर जब (हमें) संसार के आघात लगते हैं तब थोड़ा भान आता है, तब संजय दृष्टि प्रगट होती है। फिर हम संसार के अनुभवों में से थोड़ा और गुजरते हैं। फिर हमारे भाव प्रदेश में एक सरलता आती है। तब एक समर्पण का भाव आता है। तब मनुष्य को समझ में आता है कि मेरी इच्छा के अनुरूप ही सब कुछ होने वाला नहीं है, कोई और सत्ता है। जब ऐसी समझ विकसित होती है और भीतर ऐसी प्रतीति होने लगती है तब भावप्रदेश का जाग्रत भाग (कोनसियस पार्ट ऑफ इमोशनल सेंटर) प्रगट होता है। जिसे गुरजिएफ की भाषा में कहा जाता है कि भीतर चुम्बकीय केंद्र (मेग्नेटिक सेंटर) प्रगट हुआ। मेग्नेटिक सेंटर प्रगट हुआ अर्थात भीतर अर्जुन की दशा प्रगट हुई। और फिर अर्जुन कृष्ण की शरण में जाए और कृष्ण के अर्थात चिद अंश या परमात्मा के हाथ में लगाम सौंप दे। इसके बाद भीतर भगवद गीता का जन्म होता है और किस समय क्या करना है इसकी समझ आने लगती है। धर्म की समझ आने लगती है और मन को शांति और समाधान मिलता है।
धृतराष्ट्र अर्थात् अविद्या और अविद्या में से जो अस्मिता जन्मती है वो दुर्योधन का प्रतीक है।
संजय कहता है
दृष्टवा तु पाण्डवानीकं व्यूढं दुर्योधनस्तदा ।आचार्यमुपसंगम्य राजा वचनमब्रवीत्।
अब भीतर की अस्मिता अर्थात दुर्योधन को ये दिखाई देता है कि पांडवों की सेना अच्छी तरह से व्यवस्थित हो गई है। हमारे भीतर बहुत सी वृत्तियाँ हैं। इनमें से कौन सी वृत्तियाँ उत्क्रांति की तरफ़ गति करती हैं और कौन सी वृत्तियाँ अव्यवस्थित हैं, क्या हमें इसका भान है? भीतर बहुत प्रकार की इच्छाएँ होती हैं। कभी पैसा कमाने की, खाने पीने की, कभी कामकी, और पाँचों केंद्रों में से तरह तरह की इच्छाएँ पैदा होती रहती हैं। परंतु इन सभी इच्छाओं के पीछे क्या हमारा कोई आयोजन अथवा कोई व्यूहरचना है? अंदर अंदर की इच्छाएँ एक दूसरे के विरुद्ध काम करके ऊर्जा को नष्ट कर देती हैं। परंतु जब कृष्ण की हाज़िरी हो, चिदअंश की और भीतर जो बोध और भान आ जाए तो फिर इच्छाएँ व्यवस्थित रूप आयोजित हो जाती हैं।
जिस तरह से किसी फ़ैक्टरी या दुकान में सामान अस्त व्यस्त पड़ा हो तो धंधे में नुक़सान होने ही वाला है।ग्राहक आएगा तो वापस चला जाएगा। परंतु यदि माल व्यवस्थित हो तो किस ग्राहक को क्या देना है आसान हो जाता है। इसी तरह हमारे भीतर सब प्रकार की ऊर्जा पड़ी हुई है और एक भी ऊर्जा ऐसी नहीं है जो सहयोग ना करे।परंतु वो सभी अव्यवस्थित रूप से अचेतन में पड़ी हुई हैं।इनको सचेत अर्थात् जागरूक करना एवं तालमेल में लाना है। काम एनर्जी अव्यवस्थित पड़ी है, भाव भी बहुत है परंतु इसमें कब आवेग आ जाए इसका हमें पता नहीं, कब क्रोध, ईर्ष्या या नकारात्मकता आ जाए इसका हमें पता नहीं। हमारे भीतर विचारों की शक्ति बहुत पड़ी है। हमें जब ज़रूरत होती है तो ये विचार हमारे काम नहीं आते परंतु दूसरों को जब सलाह देते हैं तो हम अद्भुत विचार प्रकट करते हैं। परंतु यही विचार अपने काम नहीं आते। और जब हम दूसरे को देने जाते हैं तो वो भी इन्हें फेंक देते हैं। तो ये सभी शक्तियाँ बौद्धिक केंद्र, भावप्रदेश, कामकेंद्र और मूविंग केंद्र की शक्तियों की व्यूहरचना पांडवों में अच्छी तरह से व्यवस्थित है।
तो दुर्योधन ने पांडवों की सेना को देखा। पांडवों की सेना का अर्थ है सजगता पूर्वक व्यवस्थित की गई सेना।चिदअंश के सारथी पन अर्थात कृष्ण के निर्देशन में व्यवस्थित सेना। हम जो व्यवस्था करते हैं वो हमारी बुद्धि एवं संस्कारी मन द्वारा होता है।संस्कृत मन अर्थात् यदि कोई हमसे कहता है की ये मंत्र ठीक है या ये ध्यान ठीक है तो हम उसी को करने लगते हैं, ये समझे बिना कि वो हमारे योग्य है भी या नहीं।कोई कहता है कि भक्ति मार्ग से पहुँच जाओगे तो हम भजन कीर्तन करने लगते हैं। कोई कहता है कि प्राणायाम सही है तो हम वह करने लगते हैं।परंतु हमारे भीतर के चिद अंश अथवा आंतरिक गुरु से हम पूछते नहीं। हम सिर्फ़ बाहर पूछते हैं। और जो शांत होकर हम एक बार उसके साथ सम्बंध स्थापित करें तो हम को पूरा पूरा मार्गदर्शन प्राप्त होता है।
परंतु इसमें हमें एक मुश्किल ये है कि ये भीतर से आती आवाज़ कृष्ण की है, धृतराष्ट्र की है अथवा दुर्योधन की है ये निश्चित कौन करे? कृष्ण का मार्गदर्शन होगा तो कभी भी समस्या नहीं होगी और हमेशा समाधान मिलेगा। और यदि दुर्योधन अथवा धृतराष्ट्र का मार्गदर्शन होगा तो हमारे मार खाने का वक्त हो गया समझो। भगवद गीता के अंदर दो छोर हैं। एक है धृतराष्ट्र जो पूरा पूरा अविद्या से भरा हुआ है और दूसरे हैं कृष्ण जो सम्पूर्ण रूप से अविद्या से मुक्त हैं। और बीच में एक ज़बरदस्त यात्रा है संजय से अर्जुन और अर्जुन से कृष्ण होने तक की।इस पूरी यात्रा में कौन कौन से परिबल भाग ले रहे हैं, इसका बहुत रोचक वर्णन महाभारत में किया गया है।
महाभारत में दो बड़े पात्र हैं भीष्म और द्रोण। ये दोनों अत्यंत ऊँचे पात्र होने के बावजूद धृतराष्ट्र और दुर्योधन के पक्ष में हैं। अब अपने भीतर एक मुश्किल खड़ी होती है वो ये कि हमारे भीतर ऐसा कौन सा तत्व है जो श्री कृष्ण की शरण में जाता है और कौन सा तत्व ऐसा है जो संस्कारी मैं और अहम के पक्ष में है। हमारे को भान ही नहीं रहता कि कब अपना संस्कारित मैं अथवा अहम सत्य के ऊपर क़ब्ज़ा जमा लेता है। जो हमें थोड़ा ख़याल आए तो हमारी वाणी के अंदर इसका प्रभाव आ जाता है और जिसका दूसरों को तो पता चलता ही है परंतु हमें भी पता चलता है। जब वाणी के अंदर थोड़ा तीखापन और आक्रामकता आ जाती है या संकल्प के अंदर भाव आवेग आ जाता है तो समझ लेना चाहिए कि इसके भीतर दैवी सत्ता नहीं है बल्कि आसुरी सत्ता है। जोश और हिम्मत दो अलग अलग वस्तुएँ हैं। हिम्मत में लड़ने की शक्ति पूरी है परंतु आक्रमण नहीं के बराबर है। और जब जोश आता है तो मनुष्य आक्रामक बनता है और देखने में वह हिम्मत का स्वरूप धारण किये हुए लगता है।
अब आगे का वर्णन पांडवों की सेना के बारे में आता है कि उसमें कौन कौन से सैन्य हैं और किस तरह से व्यवस्थित हैं।
दृष्टवा तु पाण्डवानीकं व्यूढं दुर्योधनस्तदा ।आचार्यमुपसंगम्य राजा वचनमब्रवीत्।
आचार्य अर्थात् द्रोण।कौरव के सेना का आधिपत्य द्रोण ने स्वीकार किया है।परंतु शुरुआत में सेनापति कौन होता है और बाद में सेनापति कौन बनता है इसका बहुत अद्भुत वर्णन है। पांडवों में सेना का किस प्रकार आयोजन है इसका वर्णन साधना अवस्था की अलग अलग भूमिकाओं का वर्णन है।
किसी भी बुद्ध पुरुष के वचनों का अनुवाद करना उसी तरह है जैसे चम्मच से सागर को तौलने की कोशिश। अनुवाद करते समय अनुवादक की समझ और नासमझी दोनों ही इस अनुवाद को आंशिक या पूर्ण रूप से भ्रष्ट करने की संभावना रखती है। इसलिए पाठक गण से निवेदन है कि इस अनुवाद को पढ़ते समय इन सभी संभावनाओं का ध्यान रखे।

Comments
Post a Comment