अध्याय 1 श्लोक 27.2 - 28.1 तान्समीक्ष्य स कौन्तेयः सर्वान् बन्धूनवस्थितान्
तान्समीक्ष्य स कौन्तेयः सर्वान् बन्धूनवस्थितान् ॥1-27.2
कृपया परयाविष्टो विषीदत्रिदमब्रवीत् ।1-28.1
भावार्थ : उन उपस्थित सम्पूर्ण बंधुओं को देखकर वे कुंतीपुत्र अर्जुन अत्यन्त करुणा से युक्त होकर शोक करते हुए यह वचन बोले। ॥27वें का उत्तरार्ध और 28वें का पूर्वार्ध॥
अब जागने का समय आ गया और जिनके साथ मन आसक्त है उनके सामने लड़ने के लिए अर्जुन खड़ा है। अभी तक सुना था ये एक बात है। हमारे यहाँ कहावत है कि कान और आँख के बीच चार उंगली का अंतर है। अर्जुन ने सुना था कि किस किस के सामने लड़ना है , किस पक्ष में कौन है। यदुकुल में से कृष्ण आए यादवों की सेना लेकर। तो यादवों की समस्त सेना सामने के पक्ष में गई। और कृष्ण स्वयं पांडव पक्ष में रहे। ये गहरे रहस्य हैं।
कौरव की सेना, सगे संबंधियों की सेना और यादवों की सेना एक तरफ थे। कृष्ण और अर्जुन भी खून के संबंध से और भाव के संबंध से जुड़े हुए थे और इसी तरह सामने के पक्ष में भी सभी खून के और भाव के सम्बन्धों से जुड़े हुए थे। इन सबको अर्जुन ने आँखों से देखा। हमने सुना है की एवरेस्ट 29000 फीट ऊंचा है और गिरनार 5000 फीट ऊंचा है परंतु जब हम अपनी आँखों से देखते हैं तो एकदम अलग अनुभव होता है और हम घबरा जाते हैं। अर्जुन की स्थिति ऐसी ही हो गई। हमें पता है कि ध्यान में आनंद और मस्ती है, अमृत बरस रहा है ऐसा लगता है परंतु जब ध्यान की गहराइयों में जाते हैं तो समुद्र मंथन जब होता है तो अमृत निकलने के पहले तो जहर निकलता है। और यदि इससे कोई डर जाए तो वह ध्यान में नहीं उतर सकता। जब हम जागृत लोगों की मस्ती को देखते हैं तो हमारी इच्छा होती है कि ध्यान में उतरना चाहिए परंतु जाएँ कैसे। जब आँखों से देखने में सच सामने आता है तब मनुष्य स्थिर नहीं रह सकता।
अर्जुन के चित्त में एक तरह की सरलता है। उसके भीतर कोई गांठ नहीं है और साथ ही चित्त में हिम्मत और साहस है। क्या हमारा दिल ऐसा हिम्मत और साहस वाला है? यदि हम राग और द्वेष से मुक्त हों तभी हिम्मत पैदा होती है। क्योंकि जहां चित्त में मोह है वहाँ हमेशा भय लगेगा। जहां चित्त में राग है वहाँ द्वेष होने ही वाला है। गटर के और गंगा के पानी - दोनों ही को पानी कहते हैं। परंतु गटर के पानी को शुद्ध किया जाए तो वह पीने लायक होता है। गंगा का पानी तो शुद्ध पानी है। इसी तरह प्रबुद्ध चेतनाओं के चित्त और अपना चित्त दोनों हैं तो चित्त ही, परंतु हमारा चित्त गटर के पानी की तरह है। और प्रबुद्ध चेतनाओं के चित्त शुद्ध गंगाजल हैं। हमें तो यदि कोई कहे कि चित्त शुद्ध कर लो तो हमें कुछ समझ नहीं आता। रिफाइनिंग कर लो तो भी समझ नहीं आता। यदि डॉक्टर कहे कि पानी का शुद्धिकरण कर लो तो हमें पता नहीं चलता कि आसुत जल क्या है। हम तो कुएं से पानी लाकर दे देंगे और यदि उस पानी से इंजेक्शन लगा दें तो शरीर में रोग दाखिल हो जाएगा। इसी तरह हम जिस अशुद्ध चित्त से साधना करते हैं उससे समाधान के बदले विकृति हो जाएगी। ना तो हमारा प्राण शुद्ध है ना ही चित्त शुद्ध है और हम चाहते हैं तंत्र की साधना करना। हमें योग के रहस्य जानने हैं परंतु ये कैसे हो? चित्त अभी मैला है। प्राण मैला है। और चित्त शुद्धि क्या है ये हमें पता नहीं। तो भाव के सम्बन्धों में जो राग और द्वेष हैं वो समस्या हैं , भाव अपने आप में कोई समस्या नहीं है। कुछ लोग इस समस्या से बचने के लिए भावनाओं को दबा देते हैं ताकि उससे उठने वाले राग द्वेष की पीड़ा से बच सकें। परंतु ऐसे साधक को ध्यान उपलब्ध नहीं हो सकता। भाव पूरा पूरा होना चाहिए। जहां मन आसक्त होता है उसे होने देना है परंतु उसे अर्जुन की तरह करना है अर्थात पूर्ण जागरूकता के साथ। घर में कोई मेहमान आए तो उसका सत्कार करना है, उसके साथ भाव का विकास होने देना है परंतु सावधानी ये रखनी है कि इसके साथ राग ना हो जाए या द्वेष ना जन्मे। जब ऐसी स्थिति बनती है तो फिर भाव शरीर से सूक्ष्म शरीर का निर्माण होता है।
भाव शरीर अस्त व्यस्त है, निद्रा में है, नकारात्मक भावों से भरा हुआ है, बेहोश है, राग, द्वेष, मोह और भय से भरा हुआ है। जैसे हमारे स्थूल शरीर में क्षय रोग है, कैंसर है, डाईबीटीज़ है और भी बहुत से रोग हैं। परंतु जब इस शरीर को शुद्ध कर दिया जाय तो इसका एक आनंद है। ये देह एक साधन है। एक मोटर गाड़ी के टायर खराब हों, ब्रेक कभी लगती और कभी फेल हो जाती हो और स्टीरिंग ढीला हो तो उस गाड़ी में यात्रा नहीं हो सकती। और जब एक नई गाड़ी होती है तो उसमें आराम से यात्रा होती है। इसी तरह हमारा प्राण मैला है और उसमें सेंसिटिविटी नहीं होती। पवन बहती है परंतु हमें उसके स्पर्श का सुख नहीं मिलता। सूरज की गर्मी पड़ती है परंतु उसकी ऊष्मा का अनुभव नहीं होता, कोयल बोलती है तो उसका आनंद नहीं आता। पांचों इंद्रियाँ पंगु हो गई हैं। इसका कारण है कि प्राण अशुद्ध हो गया है और सेंसिटिविटी चली गई है। और इसका कारण है कंडीशंड माइंड का प्रभाव, पैसे का मोह, प्रतिष्ठा का मोह, गलत संस्कारों के कारण सेंसिटिविटी गुम हो गई है। ये सेंसिटिविटी यदि वापस प्रकट हो - हम इसका पूरा पूरा आनंद ले सकें तब इसे ऋषिकेश कहा गया है। ऋषिकेश की स्थिति आने के बाद गुड़ाकेश अर्थात अर्जुन सदा जागृत हो गया। परंतु जागृत हो कर देखता है कि इन सब के सामने मुझे लड़ना है? भाव से पूरी तरह भरा है और इस भाव के अतिरेक की वजह से उसके भीतर दया का भाव पैदा होता है।
इस दया के भाव और करुणा के भाव में भेद है। करुणा जन्मती है प्रबुद्ध चेतना मे। और जहां अहंकार है, विकृति है, अशुद्धि है वहाँ दया का भाव होता है। तो 'कृपया परयाविष्टो विषीदत्रिदमब्रवीत्' - अर्जुन के मन में भाव जन्मता है कि इन सब के सामने मुझे लड़ना पड़ेगा। अब कृष्ण के सामने अर्जुन बोलता है।

Comments
Post a Comment