अध्याय 1 श्लोक 24 -25 एवमुक्तो हृषीकेशो गुडाकेशेन भारत।सेनयोरुभयोर्मध्ये स्थापयित्वा रथोत्तमम्
संजय उवाच
एवमुक्तो हृषीकेशो गुडाकेशेन भारत ।
सेनयोरुभयोर्मध्ये स्थापयित्वा रथोत्तमम् ॥1 -24
भीष्मद्रोणप्रमुखतः सर्वेषां च महीक्षिताम् ।
उवाच पार्थ पश्यैतान् समवेतान् कुरूनिति ॥1 -25
भावार्थ : संजय बोले- हे धृतराष्ट्र! अर्जुन द्वारा कहे अनुसार महाराज श्रीकृष्ण ने दोनों सेनाओं के बीच में भीष्म और द्रोणाचार्य के सामने तथा सम्पूर्ण राजाओं के सामने उत्तम रथ को खड़ा कर इस प्रकार कहा कि हे पार्थ! युद्ध के लिए जुटे हुए इन कौरवों को देख॥24-25॥
एवमुक्तो हृषीकेशो गुडाकेशेन भारत ।सेनयोरुभयोर्मध्ये स्थापयित्वा रथोत्तमम् ॥ ऋषिकेश - शब्दार्थ - कृष्ण जो कि इंद्रियों का स्वामी है , जिसने इंद्रियों को जान लिया है और जीत लिया है। गुडाकेश - अर्थात अर्जुन जिसने निद्रा को जीत लिया है। भीतर धृतराष्ट्र, दुर्योधन, भीष्म और द्रोण, ये सब हैं परंतु अर्जुन को प्रकट होने में अभी समय है। हमारे भीतर जब अर्जुन प्रकट होता है तो उसके बाद गीता का अवतरण होता है। अर्जुन अर्थात चित्त की वो दशा जो तादात्म्य में है या आसक्त है फिर भी जागृत है। अब जागृति का प्रारम्भ होता है। अर्जुन जब धनुष बाण हाथ में उठाकर ये कहता है कि मुझे किसके सामने लड़ना है, इसका अर्थ ये हुआ कि ये अब अंतरात्मा में और ध्यान अवस्था में जाने के लिए आतुर हो गया है। हमारा चित्त जब तक बाहर भटकता है तब तक धृतराष्ट्र और दुर्योधन प्रकट होता है और कभी कभी भीष्म और द्रोण प्रकट होते हैं। परंतु अर्जुन तो चित्त के अंतर्मुख बनने के बाद ही प्रकट होता है। अब जागृति आ गई - गुड़ाकेश , और जागृति आने के बाद इसे ऋषिकेश कहते हैं अर्थात इंद्रियों का स्वामी। हमारे भीतर जब चित्त की दशा अभी और यहाँ और समग्रता से आती है तब इस दशा को ऋषिकेश कहते हैं। इंद्रियाँ वर्तमान काल में हैं, और इंद्रियों के विषय वर्तमान काल में हैं और इंद्रियों के विषयों के आघात और प्रत्याघात सभी वर्तमान काल में होते हैं। और परमात्मा की सत्ता सदा वर्तमान में है। परंतु परमात्मा की सत्ता जब इंद्रियों के प्रदेश में आती है तब उसे ऋषिकेश कहते हैं।
परमात्मा की अलग अलग सत्ताएँ होती हैं और इन अलग अलग सत्ताओं और लीलाओं के अलग अलग नाम हैं। परम सत्ता जब सभी के भीतर रमना चाहती है तो इसे राम कहते हैं। परम सत्ता जब सभी के भीतर फैलना चाहती है तब इसे ब्रह्म कहते हैं। परम सत्ता जब सभी गुण और सभी नियमों के पार, महा आकाश में चली जाती है तब इसे निर्गुण ब्रह्म कहते हैं। इसी तरह परम सत्ता जब इंद्रियों में उतरती है और सेंसिटिविटी में उतरती है - विविध रचना करी अनेक रस लेवाने शिव थकी जीव थयो ए ज आशे (संत श्री नरसी मेहता), स्वयं की लीला के लिए, स्वयं को देखने के लिए अनेक रचनाएँ करती है अर्थात अभी और यहाँ में जो सत्ता है वो सत्ता। एक तरफ अर्जुन है और उसकी स्थिति कैसी है? अर्जुन अभी और यहाँ में नहीं रह सकता - ये जागृत है परंतु भावनाओं के बंधन में बंधा हुआ है। अब भावनाओं के संबंध थोड़ी अटपटी बात है। संबंध दो प्रकार के होते हैं। एक होते हैं खून के रिश्ते। खून के संबंध नियम के अनुसार संपत्ति इत्यादि के बटवारे से संबन्धित होते हैं। भावनाओं के सम्बन्धों में दूसरे प्रकार के नियम काम करते हैं। वहाँ सरकार के नियम लागू नहीं होते। किसके साथ भाव के संबंध बन जाते हैं ये पता नहीं। खून के सम्बन्धों को भाव के सम्बन्धों में परिवर्तित करने का काम जो करता है वो है कंडीशंड माइंड। और भाव के सम्बन्धों को खून के संबंध में परिवर्तित करने काम जो करती है वो है प्रकृति। हमें प्रकृति की सत्ता का खयाल नहीं है। मनुष्य देह उत्क्रांती के मार्ग पर प्रकट हुई है। उत्क्रांति की दशा में अंत में जो आती है वो है पशु सृष्टि। पशु सृष्टि तक सिर्फ खून के संबंध हैं, भावना के संबंध नहीं हैं। और मनुष्य देह में भावनाओं के संबंध हैं, लहू के संबंध पीछे से बनते हैं। परंतु हम मात्र स्थूल शरीर को देखते हैं, भावनाओं के संबंध क्या हैं इसका हमें बोध नहीं है। गुडाकेश - जब भीतर होश आता है तब हम स्वयं की भावनाओं के सम्बन्धों को देखने की शुरुआत करते हैं। परंतु शुरुआत किस तरह करते हैं?
अब अर्जुन कृष्ण को कहता है अर्थात गुड़ाकेश , ऋषिकेश को कहते हैं कि सेनयोरुभयोर्मध्ये स्थापयित्वा रथोत्तमम् - दोनों सेनाओं के मध्य इस उत्तम रथ का स्थापन करो। रथ अर्थात खाली जगह जिसमें हम आसन रखकर बैठते हैं। पर अंदर जीव का आसन किस जगह है? मोटे तौर पर तो हम आसन डालकर बैठते ही नहीं, जी भटकता ही रहता है। भटकने के बहुत कारण हैं। राग द्वेष तो मूल में पड़े हुए ही हैं। और कंडीशंड माइंड की वजह से धन संपत्ति, पत्नी बच्चों इत्यादि से आसक्त हुआ मन एक जगह नहीं बैठ सकता। अर्जुन अभी बैठा है जिसका अर्थ है कि वह अपने खाली स्थान अर्थात रथ में लड़ने के लिए बैठा है। हम आँख बंद करके ध्यान अवस्था में जब बैठते हैं तो क्या हमें खबर है कि हम क्या करते हैं? सब आँख बंद करके बैठे हैं इसलिए हम भी आँख बंद करके बैठ जाते हैं, और अक्सर दिवास्वप्न में खो जाते हैं। विचारों में बह जाते हैं। और बीच में थोड़ी देर गुरु का स्मरण करते हैं। परमात्मा का स्मरण करते हैं और कभी कभी श्वास को देखते हैं। दो चार श्वास दिखती हैं उसके बाद फिर हम भटक जाते हैं। ये स्थिति अर्जुन की नहीं है। अर्जुन की स्थिति है जो भीतर जागृत हो गया - गुड़ाकेश। और स्वयं के भीतर जो दो सेनाएँ खड़ी हैं वो एक साथ दिखती हैं। औसपेन्सकी का एक महावाक्य है कि जब दो विरोधी भावनाएँ एक ही साथ देखने में और अनुभव में आती हैं उस समय अंतरप्रज्ञा (कोन्शिएन्स) का जन्म होता है। पर हमारे भीतर दो प्रकार की विरोधी भावनाओं का क्या हमें खयाल है? कभी कभी ये खयाल हमें आता है - जब किसी स्त्री या पुरुष या बच्चे के प्रति अतिशय भाव हो तब हमें दिखाई देता है कि मेरा मन इसमें बहुत आसक्त है। परंतु कभी ऐसा होता है कि ये भावना अचेतन में चली जाती है और एक अलग प्रकार की भावना पैदा होती है तब जिसे हमने अतिशय प्रेम किया उसी का खून करने की इच्छा होती है। जिसे अतिशय राग से गले लगते हैं उतने ही द्वेष से उसका गला दबाने की भावना भीतर पैदा होती है। क्या हमें ऐसा कभी अनुभव में आता है? संसार में जब ये खयाल आए तो समझ लो कि भीतर अंतरप्रज्ञा के जागने की शुरुआत हो गयी है। परंतु आमतौर पर संसार के लोग जो भी भाव का आवेग चेतन मन में आता है उसी के साथ बह जाते हैं। उसके ऊपर न्योछावर हो जाते हैं। और जब आवेग खत्म हो जाता है तो उसी व्यक्ति का मुंह भी नहीं देखना चाहते। ये खेल चलता रहता है। जिन मित्रों के साथ बचपन में खेले थे उन्ही को कोर्ट में ले जाते हैं। जिन माता पिता ने बड़ा किया उनका अनादर करते हैं। जिस स्त्री या पुरुष के प्रेम और आकर्षण में कभी पड़े थे वो खत्म हो जाने पर उसके प्रति इतने ही द्वेष से भर जाते हैं।
ये एक ही ऊर्जा के अलग अलग खेल हैं। ये महाभारत की कथा का रहस्य है कि एक ही स्त्रोत से दो ऊर्जा पैदा हुई। एक से कौरव का सैन्य पैदा हुआ और दूसरी से पांडव का। एक के अंदर सकारात्मक भावनाएँ और दूसरे में नकारात्मक भावनाएँ। परंतु इन दोनों सेनाओं के मध्य में क्या हमारा अस्तित्व है? अगर हम बीच में हैं और दोनों प्रकार की भावनाएँ हमें एक साथ दिखाई दें - फिर सामने चाहे कोई भी व्यक्ति आए, (कितने प्रकार के व्यक्ति किस किस तरह से आते हैं इसका वर्णन आगे आएगा), और सेना के मध्य में जब हम होते हैं तब यहाँ से साधना की तैयारी होती है और इसके बाद भागवत गीता का अवतरण होता है।
अभी ऋषिकेश है - वो भगवान नहीं है। भगवान अब प्रकट होंगे। अभी कृष्ण अर्जुन के सखा और सारथी हैं और ये सखा भाव लहू के और भावनाओं के सम्बन्धों से विकसित किया हुआ भाव है। अभी भीतर जागृति आनी बाकी है। धीरे धीरे भागवत गीता की यात्रा शुरू होती है।
एवमुक्तो हृषीकेशो गुडाकेशेन भारत ।सेनयोरुभयोर्मध्ये स्थापयित्वा रथोत्तमम् ॥ दोनों सेना के बीच में मेरे रथ को खड़ा करो। कृष्ण वो चेतना हैं जो 'यहाँ और अभी' में रहते हैं, वो रथ को लेकर किस जगह रखते हैं? भीष्मद्रोणप्रमुखतः सर्वेषां च महीक्षिताम् । हमारा सर्वाधिक तादात्म्य दो जगह पर है और वो हैं हमारे अहम और मिथ्याभिमान। हमें खयाल नहीं है कि हमारे भीतर भीष्म और द्रोण की सत्ता मुख्य है। मैंने जो कुछ भी किया है - ये खेत बनाया, फैक्टरी बनाई, धंधा विकसित किया, और हर एक के भीतर का अहम अपने अपने तरीके से बलशाली है। फिर उसने छोटी से झोपड़ी बनाई हो या फिर एक आलीशान बंगला बनाया हो उससे फर्क नहीं पड़ता। दोनों का गुण एक समान है।
और मनुष्य ने जो कोई भी सृजनात्मक काम किया हो या कलाकारी की हो अपने मुविंग केंद्र के जागृत भाग से उसके साथ उसका तादात्म्य हो जाता है कि ये मैंने अपने हाथ से स्वयं किया है। और स्वयं के द्वारा किए गए काम के साथ हमारा मन सबसे अधिक आसक्त होता है। इसमें से जागना बहुत मुश्किल काम है। क्या हमें ऐसा अनुभव होता है कि हमने एक छोटी सी झोपड़ी बनाई हो और कोई उसे तोड़ दे तो पीड़ा होती है? हमारा मन जहां आसक्त होता है वहाँ दो सत्ता उत्पन्न होती हैं - एक है भीष्म की और दूसरी है द्रोण की। गुरजिएफ की भाषा में इसे प्राइड और वेनिटी कहते हैं। हमने जो कुछ भी किया है और भोगा है उन दोनों के साथ हमारा तादात्म्य हो जाता है। और जहां ये हमारा तादात्म्य हुआ है - हमारा मन आसक्त है वहाँ जाकर ऋषिकेश अर्थात कृष्ण अर्जुन का रथ खड़ा करते हैं।
कुदरत अपना खेल करती रहती है। इसे जरूरत हो तो बंगले को उड़ा दे और चाहे तो झोपड़ी को कायम रखे। चाहे तो राज्य मिटा दे या बना दे। बड़े साम्राज्य को भी खत्म कर देती है ऐसी ये काल की महासत्ता है। अतः कृष्ण ने अर्जुन को जो मुख्य दो (भीष्म और द्रोण) हैं उनके सामने रथ को खड़ा किया। भीष्मद्रोणप्रमुखतः सर्वेषां च महीक्षिताम्। इन मुख्य दो अर्थात प्राइड और वेनिटी के साथ और भी बड़े बड़े महारथी थे। तो मुख्य जो भी हमने किया होता है उसके साथ तो हमारा तादात्म्य सबसे अधिक होता है। परंतु कइयों के साथ हमारा मन आसक्त होता है। तो हमारे बनाए झोपड़े के साथ तो हमारा तादात्म्य होता ही है परंतु उसमें बनाए हुए पर्दे, फर्नीचर इत्यादि (अर्थात अन्य महारथी ) के साथ भी हमारा मन आसक्त होता है। और हमारा मन जहां आसक्त है उसके आस पास ही हमारा चित्त और चैतन्य घूमता रहता है।
इतनी विराट पृथ्वी है परंतु हमें उसकी चिंता नहीं है। हमारी झोपड़ी नहीं उजड़नी चाहिए बस हमें यही खयाल है। क्या हमें इसका अनुभव होता है? यदि हम ये देख पाते हों तो समझ लेना चाहिए कि अर्जुन की स्थिति खड़ी हो गई है। कृष्ण की चेतना विराट और व्यापक है। पर अभी वो ऋषिकेश के रूप में अर्जुन के सारथी की तरह बैठी है। ओशो की चेतना को हम देख नहीं सकते - सिर्फ नाम ले सकते हैं। बस वो जब तक देह में हैं तब तक हम देख सकते हैं। जिस तरह बिजली को हम देख नहीं सकते परंतु जब वो बल्ब में प्रवाहित होती है तो उसकी रोशनी को देख सकते हैं। इसी तरह हमारे भीतर रहने वाली चैतन्य की सत्ता को हम नहीं पहचान सकते जबकि सत्ता तो सब जगह एक ही है।
भीष्मद्रोणप्रमुखतः सर्वेषां च महीक्षिताम् । उवाच पार्थ पश्यैतान् समवेतान् कुरूनिति॥ अब ऋषिकेश कहते हैं कि इनको देखो। अब दृष्टा का भाव शुरू हुआ। जागना एक बात है और जागकर देखना दूसरी बात है। तीसरी भूमिका अब आती है। प्रथम तो गुड़ाकेश - अर्जुन जागा और उसने कहा के दोनों सेना के बीच मेरा रथ ले चलो। परंतु जागकर बैठ जाने से काम नहीं चलता इसलिए कृष्ण ने कहा पश्य - इन दोनों को देखो जो तुम्हारे सामने हैं। और खासकर देखना उसको है जिसके साथ अतिशय लगाव अर्थात तादात्म्य है - इतना कि लगता है ये मैं ही हूँ। ये हैं भीष्म और द्रोण जिनके सामने रथ को खड़ा किया गया है। साथ ही उसे दूसरे सभी महारथी भी दिखे जहां जहां हमारा मन बंधा हुआ है। अब जब उसे देखने को कहा गया तो उसे क्या दिखाई देता है?

Comments
Post a Comment