अध्याय 1 श्लोक 22 यावदेतान्निरीक्षेऽहं योद्धुकामानवस्थितान्
यावदेतान्निरीक्षेऽहं योद्धुकामानवस्थितान् ।
कैर्मया सह योद्धव्यमस्मिन् रणसमुद्यमें ॥1-22
।।1.22।।जिससे मैं युद्ध की इच्छा से खड़े इन लोगों का निरीक्षण कर सकूँ कि इस युद्ध में मुझे किनके साथ युद्ध करना है।
हम सभी को अपनी अपनी तरह से ध्यान की समझ है। कोई ध्यान की विधि को ध्यान कहता है। सक्रिय ध्यान या विपस्सना ध्यान इत्यादि की जो विधि है वो भटकते चित्त को एकाग्र करने की विधि है। चित्त थोड़ा शांत होता है और संसार व्यवहार ठीक तरह चलता है। परंतु जब असली ध्यान की शुरुआत होती है तब योद्धव्यमस्मिन् रणसमुद्यमें एक अंदर का युद्ध क्षेत्र दिखाई देता है। भीतर एक जगह या अवकाश है जिसे हम अंतराकाश कहते हैं। और अंतराकाश के भीतर घमासान युद्ध मचा हुआ है। हम जब भीतर देखना शुरू करते हैं तो पाते हैं कि वहाँ दिवास्वप्न और मोनोलोग (बकबक) चल रहा है। और भीतर एक टेलीविज़न का सेट है जिसमें तरह तरह के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। परंतु ये टेलीविज़न अपने तरीके से चलता रहता है। परंतु संसार के अंदर जब कोई घटना बनती है जैसे रसोई में किसी ने कुछ कह दिया , कोई समस्या खड़ी हुए, प्रेम में निष्फलता मिली या प्रेम में पड़ गए - तो आँख बंद करने पर पता चलता है कि भीतर युद्ध का मैदान सजा हुआ है और घमासान युद्ध चल रहा है।
इस रणभूमि में जब कौरव और पांडव दोनों के सैन्य युद्ध करके समाप्त हो जाते हैं तब भीतर जो अवस्था होती है उसे समाधि अवस्था कहते हैं। परंतु इसके पहले जिस जिस परिस्थिति में से गुजरना पड़ता है ये गीता में एक एक अध्याय में बताया गया है। इसकी शुरुआत होती है अर्जुन के वचन से।
इस महाभारत के युद्ध में हमें अनेक प्रकार के महारथियों के सामने लड़ना पड़ता है। किसी को क्रोध के साथ, किसी को मद के और मोह के सामने। और हम देखते हैं कि हमारा मन किसी सगे संबंधी के साथ बंधा हुआ है और हम कुछ कर नहीं सकते, भीतर मन जलता रहता है। धंधे में मन आसक्त रहता है और हम कुछ कर नहीं सकते जबकि मन कुछ न कुछ करने का होता है, रात में नींद नहीं आती। ध्यान में बैठते हैं गुरु की प्रार्थना करना चाहते हैं परंतु नहीं कर पाते क्योंकि भीतर जी जलता रहता है। इसका सही रास्ता यही है अर्जुन अपना शस्त्र उठा ले। उसके बाद हमारे भीतर का एक अहम ये कहता है कि ये तो संकल्प है, हमें तो गुरु और परमात्मा की शरण में जाना चाहिए। और गुरु क्या है ये हमें पता नहीं, गुरु को हम पहचान नहीं सकते। अक्सर तो ये हमारा माना हुआ गुरु होता है, पूना में बैठा हुआ या ऋषिकेश में बैठा हुआ। परंतु भीतर के गुरु की तरफ, अपने सारथी की तरफ हमारा लक्ष्य नहीं जाता। क्योंकि इस गुरु की तरफ लक्ष्य तभी होता है जब अर्जुन सम्पूर्ण विषाद से गुजर चुका होता है।
अर्जुन को स्वयं का गुरु नहीं दिखता है । ये कृष्ण को जब कहता है कि मेरा रथ दोनों सेना के मध्य ले चलो तब उसे दिखाई देता है कि उसे किसके समक्ष लड़ना है।
यावदेतान्निरीक्षेऽहं योद्धुकामानवस्थितान् । कैर्मया सह योद्धव्यमस्मिन् रणसमुद्यमें ॥ अब जो उसके भीतर का सक्रिय अहंकार है - दुर्योधन और अर्जुन का सक्रिय अहंकार अलग अलग है। हमारे लिए तो अहंकार का मतलब अहंकार है। परंतु सन्यासी का अहंकार और संसारी के अहंकार में भेद है। संसारी का अहंकार नकली गुरु, नकली परमात्मा अथवा आत्म श्रद्धा के आधार पर होता है, अर्थात दुर्योधन जैसा। सन्यासी का अहंकार वास्तविक गुरु या परमात्मा के आधार पर होता है। परंतु सन्यासी अभी ईश्वर का आधार एक नौकर की तरह लेता है अर्थात उसको आज्ञा देता है उसकी शरण में नहीं जाता। इस प्रकार के अहम को देख लेना आवश्यक है। अब अर्जुन कहता है कि मुझे किसके साथ लड़ना है और कौन मेरे साथ लड़ने आया है यह मैं देखना चाहता हूँ। हमारे भीतर जब नकारात्मक बल पैदा होता है तो हम मायूस हो जाते हैं कि क्रोध से छुटकारा कैसे पाऊँ, विपस्सना करूँ ? मन में जो इतनी अशांति है मुझे क्या करना चाहिए? सक्रिय ध्यान करू मंत्र, तंत्र की कोई विधि करूँ। हमें लड़ने का क्या तरीका है इसकी समझ नहीं आती और ऐसी इच्छा होती है कि भीतर की इतनी बड़ी सेना से लड़ने के लिए कोई ऐसा शस्त्र मिल जाए कि एक साथ सब का नाश हो जाए। परंतु ये इतना आसान नहीं है क्योंकि जो शस्त्र है वह है सुदर्शन चक्र जो आसानी से नहीं मिलता। इसके लिए तप से गुजरना पड़ता है।

Comments
Post a Comment