अध्याय 1 श्लोक 20-21 अथ व्यवस्थितान्दृष्ट्वा धार्तराष्ट्रान्‌ कपिध्वजः


अर्जुन उवाचः

अथ व्यवस्थितान्दृष्ट्वा धार्तराष्ट्रान्‌ कपिध्वजः ।

प्रवृत्ते शस्त्रसम्पाते धनुरुद्यम्य पाण्डवः ॥ 1-20


हृषीकेशं तदा वाक्यमिदमाह महीपते ।

सेनयोरुभयोर्मध्ये रथं स्थापय मेऽच्युत ॥1-21

भावार्थ :  हे राजन्‌! इसके बाद कपिध्वज अर्जुन ने मोर्चा बाँधकर डटे हुए धृतराष्ट्र-संबंधियों को देखकर, उस शस्त्र चलने की तैयारी के समय धनुष उठाकर हृषीकेश श्रीकृष्ण से यह वचन कहा- हे अच्युत! मेरे रथ को दोनों सेनाओं के बीच में खड़ा कीजिए॥20-21॥


संसार व्यवहार में पैसा, मकान, बच्चों इत्यादि के अंदर जो हमारा चित्त मायूस हो गया है वो चित्त बेहोश है। सुबह से शाम तक हमें इसके ही विचार आते रहते हैं। इसी तरह जिंदगी निकल जाती है। इस चित्त के दो प्रकार हैं। एक है धृतराष्ट्र का चित्त और दूसरा है दुर्योधन का चित्त। एक है निष्क्रिय, अक्रियाशील और तमोगुण से घिरा हुआ अहम जो कि मूढ़ हो गया है। और दूसरा है सक्रिय, रजोगुण से घिरा हुआ चित्त , क्षिप्त। जब हमारे भीतर अतिशय निराशा आ जाती है - हम आत्मदया से घिर जाते हैं, सोचते हैं कि कोई मेरा करने वाला या सुनने वाला नहीं है, तब धृतराष्ट्र का राज्य और भीतर का अहम प्रमाद और तमोगुण से घिर जाता है। अंधा है, कुछ कर नहीं सकता। थोड़े समय बाद प्रकृतिक नियम के अनुसार इसमें से दुर्योधन प्रकट होता है। एक मोह से घिरा हुआ है और दूसरा मद से घिरा हुआ है। उसे ये लगता रहता है कि मैं ऐसा या वैसा कर दूँगा, पैसा कमा लूँगा, लोगों से अमुक प्रकार का व्यवहार करूंगा इत्यादि। ऐसी अनेक प्रकार की तरंगों, इच्छाओं, और वासनाओं से घिरा हुआ एक अहम है। ये दुर्योधन की अवस्था है। 


इसके बाद भाग्यवश ऐसा कोई क्षण आए और किसी प्रबुद्ध चेतना की संगति प्राप्त हो, अथवा मनुष्य के भीतर कुछ ऐसे संस्कार पड़े हों जिनकी वजह से वह किसी प्रबुद्ध चेतना की शरण में जाए और सन्यास ले। सन्यास दीक्षा लेने के पहले संजय का प्रकटीकरण हो जाना आवश्यक है। भीतर थोड़ा थोड़ा दिखाई देना और भान आना शुरू हो जाना चाहिए कि संसार में जो कुछ भी हम कर रहे हैं उसमें तो निष्फलता ही मिलती है। और कभी यदि सफलता मिलती भी है तो वह हमारी बुद्धि अथवा अहंकार की वजह से नहीं बल्कि किसी दूसरी सत्ता की वजह से मिलती है। ऐसा थोड़ा भान होता है। 


थोड़ी संजय जैसी दृष्टि भीतर खुलने के बाद सन्यास की शुरुआत होती है। प्रबुद्ध चेतना की शरण में जाकर मनुष्य को ऐसा लगता है कि सत्य कहीं दूर पड़ा हुआ है। वह खुद जिस रास्ते पर जा रहा है उसपर उसे कडवे फल मिले हैं और उसे इसकी व्यर्थता का बोध होता है।  मूढ़ और क्षिप्त चित्त में से अब विक्षिप्त चित्त की शुरुआत होती है। भीतर एक दूसरी सत्ता अर्थात दूसरे अहम का जन्म होता है। और ये अहम अर्जुन का अहम है। इस अहम की क्या स्थिति होती है ये अब हम इस श्लोक में समझेंगे। 


गुरजिएफ जिसे कार्य स्मृति कहते हैं - अभी तक का अहम यांत्रिक कंडीशंड माइंड द्वारा बनाया हुआ अहम है। अभी तक का अहम हमारे माता पिता द्वारा दिया गया, किसी को जाति का अहम, किसी को पैसे का अहम, किसी को भौगोलिक स्थिति का अहम होता है - कोई कहता है कि वो भारतवासी है या लंदन वासी है इत्यादि। कोई कहता है के वह ब्राह्मण है, क्षत्रिय , वैश्य है, जैन है। परंतु ये सब समाज के परिबलों के सहारे खड़ा हुआ अहम है। पर सन्यास दीक्षा लेने के बाद (वो चाहे किसी भी प्रबुद्ध चेतना द्वारा दी गई हो )  जिस अहम का निर्माण होता है वो सचेतन रूप से पैदा किया हुआ अहम होता है अर्थात कार्य स्मृति (कार्य  स्मृति  अर्थात वर्क मेमोरी गुरजिएफ का एक शब्द है, गुरजिएफ साधना को कार्य कहता है ) द्वारा पैदा किया हुआ अहम। यद्यपि ये एकाएक पैदा नहीं होता फिर भी इस अहम का आधार गुरु होता है। प्रत्येक का गुरु उसकी अपनी धारणाओं और अपने विचार के अनुसार बनता है। और सहज रूप से प्रत्येक को अपना गुरु सर्वगुण सम्पन्न दिखता है। ये अहम अर्जुन का अहम है। फिर भी अर्जुन के अहम और दुर्योधन के अहम को परखने की शक्ति होनी चाहिए। आगे आने वाले सूत्र इस भूमिका से संबन्धित हैं।   


अथ व्यवस्थितान्दृष्ट्वा धार्तराष्ट्रान्‌ कपिध्वजः। प्रवृत्ते शस्त्रसम्पाते धनुरुद्यम्य पाण्डवः-  धृतराष्ट्र के पुत्र अर्थात सैन्य -  हम जब आँख बंद करके बैठते हैं तो हमें भीतर की दो स्थितियाँ स्पष्ट अनुभव में आती हैं। एक मन सिर पर हाथ रखकर निराश हो कर बैठ जाता है और दूसरी मन कि स्थिति है जिसमें मन भीतर जलता रहता है। वह हाथ सिर पर रखकर नहीं बैठता बल्कि कुछ ना कुछ करता रहता है। ये मन जो जलता रहता है तब संजय भीतर प्रकट होता है। और इसके पीछे इसके निरीक्षण की प्रक्रिया चालू होती है और ये खुद देखता है। कभी यह शरीर को शांत रखकर और कभी शरीर को किसी प्रवृत्ति में संलग्न करके यह भीतर देखता है क्योंकि शरीर अपना साधन है। और जब यह आँख बंद करके भीतर देखता है तो उसे भीतर धृतराष्ट्र की पूरी सेना दिखाई देती है, बशर्ते कि उसे ठीक तरह से देखना आता हो। यदि वह विचारों में उलझ जाए तो उसे अभी अर्जुन की स्थिति अर्थात कार्य स्मृति पैदा नहीं हुई है। 


जब यह भीतर देखने की शुरुआत करता है तो उसे पता चलता है कि भीतर का अहम कितना बलवान है। अधिकार भाव कितना है, मन किस किस चीज के साथ तादात्म्य में है - स्पष्ट दिखता है। किसी को बच्चों में, किसी को पत्नी में, संपत्ति, माता पिता में या किसी काम मे, हर जगह मन आसक्त रहता है।


यदि धंधे में या किसी काम में सफलता नहीं मिली और मनुष्य मार खा कर, सिर पर हाथ रख कर बैठ जाता है तो यह धृतराष्ट्र पैदा हुआ। और यदि वह उधम मचाए, और सक्रिय हो जाए तो दुर्योधन का जन्म हुआ। अभी अर्जुन का जन्म बाकी है। 


अथ व्यवस्थितान्दृष्ट्वा धार्तराष्ट्रान्‌ -  धृतराष्ट्र की सेना

फिर इसको भीतर का आत्म-चित्र दिखता है, जो भी उसने स्वयं के बारे में कल्पना की थी वो स्वयं का चित्र और आत्म दया दिखाई देती है - इन सबका यहाँ वर्णन है - आत्म चित्र (सेल्फ इमेज)अर्थात सोमदत्त , आत्म दया अर्थात कृपाचार्य, आत्म-औचित्यीकरण (सेल्फ जस्टीफ़िकेशन) होता है तो धृतराष्ट्र आता है, मोह से व्याप्त हो जाता है। मद हो जाता है, यदि ऊधम मचा देता है तो दुर्योधन की स्थिति आ जाती है।समस्त धृतराष्ट्र की सेना और उसके साथ जो भी आंशिक अहम हैं वो सब उसको सामने दिखाई देने लगते हैं। परंतु इनको देखना आसान नहीं। आम तौर पर साधक को जब धृतराष्ट्र की सेना दिखाई देती है तो वह तत्काल आँख बंद करके भाग जाता है। क्योंकि उसकी लड़ने की तैयारी नहीं है जिसका अर्थ है कि यद्यपि सन्यास दीक्षा ली तो है, अंदर गुरु ने अर्जुन का बीज तो आरोपित कर दिया है परंतु अभी उसे पानी देकर बड़ा करना ये काम साधक का स्वयं का है। परंतु इस काम से अक्सर साधक भाग जाता है। और इसके साथ उसके भीतर एक झूठी अपेक्षा पैदा होती है कि गुरु की कृपा हो जाय। फिर से उसके भीतर दुर्योधन और धृतराष्ट्र प्रकट होता है। वह सोचता है कि गुरु समर्थ है और किसी भी तरह कुछ कर सकता है। परंतु उसे स्वयं को कुछ नहीं करना है। ऐसी स्थिति में साधक भटक जाता है। क्योंकि अर्जुन का बीजारोपण तो हो चुका है परंतु अर्जुन को जो धनुष उठाना चाहिए वह  उठाता नहीं है। एक बार फिर साधक कार्य स्मृति में से संस्कारी मन की तरफ सरक जाता है। ये सब सूक्ष्म खेल जो भीतर चल रहा है वह महाभारत की लड़ाई है। अब हम थोड़ा और गहराई में जाएंगे। 


अथ व्यवस्थितान्दृष्ट्वा धार्तराष्ट्रान्‌ कपिध्वजः। प्रवृत्ते शस्त्रसम्पाते धनुरुद्यम्य पाण्डवः -  उसे नकारात्मक भावनाओं की पूरी फौज दिखाई देने लगती है। परंतु सामान्य रूप से सिर्फ एक तरफ ही दिखाई देता है, दूसरी तरफ नहीं दिखता। एक ही साथ मनुष्य देवी वृत्ती और आसुरी वृत्ती को देख पाये तो फिर रूपान्तरण संभव है। हमारे भीतर या तो हम देवी वृत्ती में होते है - कभी मौज मजे में होते हैं - कोई परेशानी नहीं। कभी कभी ऐसी स्थिति आ जाती है कि सभी दुर्योधन और धृतराष्ट्र अचेतन में चले जाते हैं। और चेतन मन के अंदर सब कुछ शुभ हो रहा होता है - पत्नी बच्चे, संपत्ति, हम कहीं यात्रा पर गए हैं या आश्रम में हैं तब एक सुखद स्थिति बन जाती है। परंतु ऐसे समय ये सब ऊपरी होता है। अचेतन में पड़ा हुआ चेतन में आता है और चेतन में पड़ा हुआ अचेतन में जाता है - इस स्थिति को अवचेतन (सब कोंशियस) कहते हैं। जैसे दिन के बाद रात और रात के बाद दिन होता है। आश्रम जीवन स्वीकार करने के बाद थोड़े समय अच्छी स्थिति रहती है, मौज आती है और जब आश्रम में से संसार में जाना हुआ तो लगता है कि बैटरी खाली हो गई है। परंतु ऐसा चार्ज या डिस्चार्ज नहीं होता बल्कि चेतन से अचेतन और अचेतन से चेतन चलता रहता है। आश्रम वासियों को भी थोड़े समय बाद लगता है कि थोड़े दिन संसार का सुख ले लें और संसार वालो को लगता है कि थोड़े दिन आश्रम में रह आएं। जब तक मौज मजे की वृत्ती है तब तक समझ लेना चाहिए अर्जुन प्रकट नहीं हुआ है। तब तक दुर्योधन और धृतराष्ट्र का खेल चलता रहता है। 


अर्जुन जब प्रकट होता है तब व्यवस्थितान्दृष्ट्वा धार्तराष्ट्रान्‌ , अब वह स्वयं का धनुष उठाता है जिसका अर्थ है बाहर जो क्रिया होती है उससे संबन्धित भीतर जो क्रिया होती है, अर्थात चित्त की दशा मूढ़ और क्षिप्त से विक्षिप्त और एकाग्र की तरफ होती जाती  है। अर्जुन पूछता है कि अब मुझे किस के साथ लड़ना है, कैर्मया सह?  अब उसे दिखता है के मेरे भीतर तो ईर्ष्या पड़ी है। किसी के प्रेम में पड़ा हो और प्रेमिका किसी दूसरे के साथ चली जाए, कोई धंधे में नुकसान हो जाए, कोई  संपत्ति लेनी हो उसमें नुकसान हो जाए, कुछ खाना हो और वह दूसरा ले जाए तो मन में एक ईर्ष्या की वृत्ती जागती है। और उसे इस ईर्ष्या का ख्याल आता है, परंतु ईर्ष्या के सामने कैसे लड़ना? काम के आवेग हैं, क्रोध है, इनके सामने कैसे लड़ना? ये तो बड़े बड़े हैं, सभी को दिखाई देते हैं परंतु जब ध्यान अवस्था में उतरता है तब उसे सूक्ष्म शत्रु  अनेक तरीकों से दिखाई देते हैं। उसे एक पूरा सैन्य दिखाई देता है। 


धार्तराष्ट्रान्‌ कपिध्वजः अर्जुन के रथ की ध्वजा पर हनुमान विराजमान हैं। ये सब गहरे राज हैं। आज के जमाने में हर कोई अपना चिन्ह रखता है। धंधे का ट्रेडमार्क रखता है। इसी तरह साधना में अर्जुन के ध्वजा पर जो चिन्ह है वह हनुमान जी का है। हनुमान वायु पुत्र हैं। वायु के दो पुत्र हैं एक हनुमान और दूसरा भीम। भीम काम केंद्र अर्थात शक्ति केंद्र का प्रतीक है। और हनुमान को काम की समस्या ही नहीं थी। ये सम्पूर्ण काम ऊर्जा का रूपान्तरण करके राम के चरणों के दास हो गए हैं। सम्पूर्ण शरण भाव राम के प्रति है। 


राम अर्थात हमारे भीतर प्रकट हुआ चैतन्य है ,  जो सभी में रम रहा है। जिसे शास्त्रीय भाषा में साक्षी भाव भी कहते हैं। ये सभी के भीतर रमता है परंतु कहीं बंधता नहीं । हमारे भीतर ये सत्ता पड़ी है। कृष्ण की सत्ता है और राम की सत्ता है। हमारे यहाँ कहावत है कि राम आंशिक अवतार हैं और कृष्ण पूर्ण अवतार हैं। राम आंशिक अवतार है क्योंकि उन्हे नकारात्मकता के साथ खेल करने में थोड़ी मुश्किल होती है। अर्थात ये नकारात्मकता का रूपान्तरण कर देते हैं और सकारात्मक सत्ता जहां होती है उसे राम कहते हैं। और राम की सत्ता की सतत सेवा में जो ऊर्जा रहती है उसे हनुमान कहते हैं। अर्जुन की ध्वजा पर हनुमान का प्रतीक है। 


प्रवृत्ते शस्त्रसम्पाते धनुरुद्यम्य पाण्डवः -  अब अर्जुन शस्त्र उठाता है - हमारे भीतर कौन सा शस्त्र है ? एक ही शस्त्र है और वह है ध्यान जो कि चित्त की ऊर्जा है जिसे वह लक्ष्य बनाता है - विक्षिप्त में से एकाग्र की तरफ की यात्रा अब शुरू होती है। 


प्रवृत्ते शस्त्रसम्पाते धनुरुद्यम्य पाण्डवः  अब यह सामने जो समस्या आई है उसके साथ लड़ने के लिए तैयार हो गया है। अब वह कल्पना में नहीं है। कल्पना हो तो कल्पना के सामने और वास्तविक हो तो वास्तविक के सामने। कृष्णमूर्ति कहते हैं "तथ्य के साथ रहो", ओशो जिसे स्वीकार भाव कहते हैं। यदि सामने ईर्ष्या है तो ईर्ष्या से लड़ना है। मोह है तो मोह से लड़ना है, क्रोध है तो उससे लड़ना है, और लड़ने के लिए उसे अपनी ऊर्जा इकट्ठी करी है। धनुष और बाण उठाया। धनुष चित्त ऊर्जा के ध्यान का प्रतीक है। प्रत्येक साधक को अपनी ऊर्जा को किस तरह से प्रयोग में लाना है। मनुष्य देह में तीन प्रकार की ऊर्जा हैं। स्थूल देह में प्राण की ऊर्जा, सूक्ष्म देह में चित्त की ऊर्जा, मस्तिष्क में चित्त की ऊर्जा के पार एक ऊर्जा है शांत स्थल में जिसे चैतन्य ऊर्जा कहते हैं। इन तीन प्रकार की ऊर्जा के तीन प्रकार के शस्त्रों का वर्णन हैं।


जब मनुष्य प्राण ऊर्जा पर कार्य करता है तो उसका प्रतीक है गदा। भीम और दुर्योधन गदा युद्ध करते हैं। अर्जुन और भीष्म बाण से युद्ध करते हैं यह चित्त ऊर्जा का प्रतीक है। और श्री कृष्ण भागवत गीता में थोड़ी देर के लिए आते हैं और ये जिस ऊर्जा का प्रयोग करते हैं वह है सुदर्शन चक्र। जहां सुदर्शन चक्र होता है तो उसके सामने कोई भी शक्ति नहीं टिक सकती। परंतु इसका कभी कभी उपयोग होता है। अपने भीतर तो सुदर्शन चक्र का आरंभ या दर्शन बहुत मुश्किल है। ये तो जब चित्त की निरोध अवस्था होती है, अर्जुन जब सम्पूर्ण रूप से समर्पित हो जाता है उसके बाद प्रकट होता है। तब तक अर्जुन का भी अहम मौजूद है। कृष्ण उसके सारथी हैं परंतु अभी सारथी दूसरे स्थान पर है और अर्जुन ने स्वयं को प्रथम स्थान पर रखा हुआ है। 


जब हम सन्यास लेते हैं तो हम गुरु को कहते हैं कि मुझे सन्यास का भाव हुआ है इसलिए आप मुझे सन्यास दो - आदेश देते हैं। हम चरण स्पर्श करते हैं परंतु भीतर भाव यही रहता है कि हम गुरु को हमारी मर्जी के हिसाब से चलाएं। गुरु को कहते हैं के मेरा व्यापार सही नहीं चलता इसलिए आशीर्वाद दें कि व्यापार सही चले - इसमें आदेश का भाव होता है। कई साधक हैं जिनकी यदि साधना में गति नहीं होती तो वह गुरु से कहते हैं कि आप हाथ पकड़ के कुछ करा दो। परंतु गुरु को आदेश देते हैं। अभी इनकी गुरु के प्रति श्रद्धा का जन्म नहीं हुआ है। साधक को स्वैच्छिक पीड़ा से गुजरना पड़ता है और गुरु की सत्ता और शक्ति को पहचानना पड़ता है। अभी तो हम गुरु को या तो मित्र मानते हैं या  फिर सारथी,  परंतु जिस तरह एक अमीर व्यक्ति गाड़ी के चालक को हुक्म देता है कि अमुक जगह ले जाओ - पर चालक अथवा सारथी जहां ले जा रहा है वहाँ नहीं, अर्थात स्वयं को जहां जाना है वहाँ । अतः अर्जुन कृष्ण को इस तरह कहता है - 


सेनयोरुभयोर्मध्ये रथं स्थापय मेऽच्युत - हे अच्युत रथ को दोनों सेनाओं के मध्य ले चलो। अच्युत को नहीं परंतु अर्जुन को ऐसा लगता है। परंतु इसके भीतर एक सचेतन प्रयास है। 

कैर्मया सह योद्धव्यमस्मिन् रणसमुद्यमें - मुझे किस किस के साथ लड़ना है इसका पता चले। इस अहम के अंदर एक संकल्प शक्ति प्रकट हुई है जिसे आध्यात्मिक संकल्प  कहते हैं। श्री तावड़िया जी के अनुसार संकल्प शक्ति तीन प्रकार की होती है। तटस्थ संकल्प, बौद्धिक संकल्प  और आध्यात्मिक संकल्प। तटस्थ संकल्प अर्थात छोटी मोटी संकल्प शक्ति जिसका हम उपयोग करते हैं, जैसे आज मुझे खाना नहीं खाना। इसका उपयोग हम संसार व्यवहार में करते हैं। कुछ लोग बौद्धिक संकल्प करते हैं - जैसे जीवन में हम आए हैं तो कुछ सार्थक कर जाना चाहिए - कोई सेवा करता है, कोई आश्रम जीवन कोई भक्ति भाव को अपनाता है। ऐसा व्यक्ति जीवन को कुछ आदर्श बना कर जीवन बिता देता है। परंतु आध्यात्मिक संकल्प एक अलग बात है। आध्यात्मिक संकल्प वाला व्यक्ति सामने जो परिस्थिति होती है उसका प्रतिभाव देता है। इसका अर्थ है कि अब अर्जुन की स्थिति का निर्माण हुआ है। और इस स्थिति का रूपान्तरण किस प्रकार होता है ये भागवत गीता में वर्णित किया गया है। 


अब अर्जुन कृष्ण से कहते हैं 

हृषीकेशं तदा वाक्यमिदमाह महीपते । सेनयोरुभयोर्मध्ये रथं स्थापय मेऽच्युत ॥

मेरे  रथ को दोनों सेनाओं के बीच ले चलो। ये स्थिति थोड़ी ज्यादा मुश्किल है। पहले तो हमारे भीतर की दोनों सेनाओं को देख लेना जरूरी है। हमारे भीतर की कार्य स्मृति, सकारात्मक भाव, उच्च भाव केंद्र, उच्च बौद्धिक केंद्र,  प्रज्ञा का क्षेत्र, प्रेम का प्रदेश जो सभी के भीतर पड़ा हुआ है। परंतु हमारे भीतर नकारात्मकता का प्रभाव कितना है इसे भी देखना आवश्यक है। जैसे कि यदि किसी किसान को अपने खेत में खेती करना है, तो किसी जगह पर पानी 10 हाथ  पर होता है और कहीं 25 हाथ नीचे। पानी तो हर खेत में होता है परंतु ये समझना आवश्यक है कि कितनी गहराई पर पानी है। जमीन उपजाऊ है या बंजर है। इस देह को एक क्षेत्र अथवा खेत कहा गया है। और अर्जुन की जब ये स्थिति आती है तब स्वयं के भीतर क्या संभावना पड़ी है और इस स्मभावना के विरुद्ध क्या अवरोध आ रहा है इन दोनों का उसे खयाल करना पड़ता है। और इसके बाद वह धनुष उठाता है। 


कई बार साधक आकर कहते हैं कि आप बताओ कि मुझे कौन सा ध्यान करना चाहिए। उसे स्वयं की संभावना, स्वयं की बीमारी का खयाल होना चाहिए और कौन सा ध्यान करना है उसका खयाल होना चाहिए। और जब तक ऐसी समझ ना आए तब तक अर्जुन जैसी स्थिति नहीं बनी है। और यदि अर्जुन की स्थिति न बने तो ये भान तो साधक को हो ही नहीं सकता कि उसके पीछे एक सारथी (कृष्ण) का हाथ है जो सब चला रहा है।  उसे ये समझ में नहीं आता कि किसी से पूछने की कोई जरूरत नहीं, जो उसे चला रहा है वो एकदम सही चला रहा है। परंतु ये भान आते आते बहुत सी परिस्थितियों से गुजरना पड़ता है।  

 

Comments

Popular posts from this blog

अध्याय 1 श्लोक 9 अन्ये च बहवः शूरा मदर्थे त्यक्तजीविताः

अध्याय 1 श्लोक 2 दृष्टवा तु पाण्डवानीकं व्यूढं दुर्योधनस्तदा

अध्याय 1 श्लोक 1 धर्मक्षेत्रे कुरुक्षेत्रे समवेता युयुत्सवः ।